115वें राजकीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल में तीसरे दिन 125 से अधिक छोटी-बड़ी कुश्तियां लड़ी गईं। दंगल की सबसे बड़ी 2.51 लाख रुपये की भारत केसरी कुश्ती में सिकंदराराऊ के रामेश्वर पहलवान और हरियाणा के संजय पहलवान के बीच कड़ा मुकाबला बराबरी पर छूटा। 1.51 लाख रुपये की कुश्ती में अजीत कुमरपुर और शमशेर पंजाब तथा 1.11 लाख की भिड़ंत में विश्वजीत बिचपुरी और मनीष तिरवाया के बीच भी कोई फैसला नहीं हो सका। दंगल की सबसे चर्चित जीत 1.21 लाख रुपये की कुश्ती में बिट्टू पहलवान बिसावर ने चंदू मथुरा को हराकर दर्ज की।