गोंडा: गन्ने की बढ़ती लागत को देखते हुए किसानों ने मूल्य 500 से 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई है। बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित भुगतान और आपदा से फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने समेत 16 मांगों को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) ने कलेक्ट्रेट स्थित टिनशेड में प्रदर्शन किया। पूर्वांचल प्रभारी राम स्वरूप वर्मा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती के किसान शामिल हुए। जिलाध्यक्ष शिवराम उपाध्याय ने कहा कि गन्ने की खेती की लागत 400 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक पहुंच गई है। ऐसे में गन्ने का मूल्य 500 से 600 रुपये प्रति क्विंटल तय किया जाना चाहिए। चीनी मिलों पर बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान ब्याज सहित कराया जाए। किसानों ने आरोप लगाया कि आपदा से फसलों को हुए नुकसान के बाद मुआवजे की घोषणा के बावजूद प्रभावित किसानों को लाभ नहीं मिला। लेखपालों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का सर्वे तक नहीं किया। इससे किसान मुआवजे से वंचित हैं। पूर्वांचल संगठन मंत्री राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने बताया कि 16 सूत्री मांगों का ज्ञापन मंडलीय अधिकारियों को सौंपा गया है। इसे मुख्यमंत्री को भी भेजा जाएगा। राम स्वरूप वर्मा ने कहा कि यह एक दिवसीय प्रदर्शन है। किसानों ने एकजुट होकर अपनी मांगें उठाई हैं। बहराइच के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने भी समस्याओं के समाधान की मांग की।