गाजीपुर के कासिमाबाद तहसील क्षेत्र के गंगौली गांव में खेल के मैदान की पैमाइश को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को एसडीम संजय कुमार कुशवाहा को पत्र सौंपकर दोबारा निष्पक्ष पैमाइश कराने की मांग की। साथ ही अधिक जो लोग छह दशक से उस भूमि पर बसे हैं, उनको न हटाने की मांग की।जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि परवेज उर्फ़ धन्नू ने बताया कि मौजा गंगौली परगना मुहम्मदाबाद स्थित 1.6840 हेक्टेयर में स्थित खेल के मैदान की पैमाइश राजस्व विभाग द्वारा 9 सितंबर को की गई थी। आरोप लगाया कि इस पैमाइश में निर्धारित सीमाओं का सही पालन नहीं किया गया जिससे आसपास की आबादी प्रभावित हो रही है। बताया कि खेल के मैदान की चौहद्दी सीमा गंगौली व खजुहां के बीच जो चिन्हित की गई है वह गलत है। इस संबंध में पहले भी लेखपाल और कानूनगो को अवगत कराया गया था लेकिन अब तक सीमा का सही निर्धारण नहीं किया गया।