एटा के राजा का रामपुर में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार को कस्बा भगवान श्री गणेश के जयकारों से गूंज उठा। गणेश चतुर्थी के दिन कस्बे में छह स्थानों पर स्थापित की गईं भगवान गणेश की प्रतिमाओं की धूमधाम से विसर्जन यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे रास्ते गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। सुबह से ही गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं को सजाए गए वाहनों पर विराजमान कराया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा निकाली। यात्रा में शामिल श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन और गणेश भजनों पर जमकर थिरके। युवाओं के साथ महिलाएं और बच्चे भी उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गणेश उत्सव की खुशियां मनाईं। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने भगवान श्री गणेश के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। श्रद्धालु हाथों में गुलाल लेकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी विसर्जन यात्रा को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। यात्रा में शामिल लोगों ने गणपति बप्पा से परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। गणेश प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा को लेकर पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी की गई। शोभायात्रा के दौरान पुलिसकर्मी मौजूद रहे और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान कस्बे में जगह-जगह लोगों की भीड़ नजर आई। कस्बे में दस दिनों तक चले गणेश उत्सव का शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के साथ समापन हुआ। इसके बाद सभी प्रतिमाओं को श्रद्धालु विसर्जन के लिए अटेना गंगा घाट, कंपिल लेकर पहुंचे। वहां विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया और अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारे लगाए।