मौसम में बदलाव के साथ बदायूं जिले में वायरल फीवर और खांसी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। करीब 1550 मरीज ओपीडी में पहुंचे, जिनमें लगभग 1050 मरीज वायरल फीवर, बुखार और खांसी से पीड़ित बताए गए। ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। पर्चा बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने तक मरीजों को काफी इंतजार करना पड़ा। बुखार और खांसी की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और अन्य मरीज अस्पताल पहुंचे। इनमें करीब 200 बच्चे और 300 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा 500 से अधिक अन्य मरीज बुखार, वायरल फीवर और खांसी की समस्या लेकर अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉक्टर आरके वर्मा के अनुसार मौसम में बदलाव के कारण वायरल संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं।