बस्ती शहर में सोमवार को अस्पताल चौराहे समेत कई मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। अस्पताल चौराहा बस्ती-कांटे मार्ग का व्यस्त केंद्र बन चुका है। यहां आसपास निजी नर्सिंग होम, डायग्नोस्टिक सेंटर, मेडिकल स्टोर और अन्य प्रतिष्ठानों की संख्या बढ़ने से आवागमन का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इन प्रतिष्ठानों के पास पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग सड़क और फुटपाथ पर वाहन खड़े कर देते हैं। इससे सड़कें संकरी हो जाती हैं और जाम लग जाता है। चिलचिलाती धूप में जाम में फंसे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अन्य मार्गों पर भी जाम के कारण यातायात प्रभावित रहा।