बहराइच के थाना सुजौली क्षेत्र अंतर्गत भरथापुर नाव हादसे के दसवें दिन शुक्रवार को राहत व बचाव कार्य में लगी पीएसी की टीम को एक और सफलता मिली। टीम ने घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर गेरुआ नदी में एक बच्ची का शव बरामद किया। 30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा की रेस्क्यू टीम के प्लाटून कमांडर कमलेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह से ही पांच बोटों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। दोपहर करीब दो बजे घाघरा बैराज के अपस्ट्रीम में गेरुआ नदी से एक बच्ची का शव मिला। शव की पहचान रीतू (5 वर्ष) पुत्री घनश्याम निवासी गिलौला, जनपद श्रावस्ती के रूप में हुई। पहचान मृतका के मौसेरे भाई राम नरेश मौर्य ने की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा ने बताया कि अब तक चार में से एक शव बरामद हो चुका है जबकि तीन लोगों की तलाश अब भी जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर प्लाटून कमांडर कमलेश कुमार, प्लाटून कमांडर चन्द्रशेखर यादव, हेड कांस्टेबल रईश अहमद, संजीव कुमार सिंह, सहित कई पुलिस व पीएसी जवान मौजूद रहे।