बहराइच में रुपईडीहा क्षेत्र के रंजीतबोझा गांव में 20 सितंबर को संदिग्ध हालत में मिले व्यक्ति के शव के मामले में पुलिस ने नामजद तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 27 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर शिवपुर मोहरनिया से सीमा की ओर जाने वाले मार्ग स्थित बगिया से तीनों को करीब 12:45 बजे दबोचा। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कराने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया था। मृतक की पत्नी नगमा पत्नी स्वर्गीय तसब्बर अली निवासी रंजीतबोझा की तहरीर पर रुपईडीहा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें मोहम्मद नसीम, साबिर अली और अरमान अहमद नामजद थे। एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर गठित टीम एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी व सीओ नानपारा चित्रांशु गौतम के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में गिरफ्तारी में जुटी थी। गिरफ्तार नसीम, अरमान और साबिर रंजीतबोझा के निवासी हैं। उनकी उम्र क्रमश: 19, 19 और करीब 20 वर्ष है। विवेचना जारी है।