बागपत। खेकड़ा कस्बे के रहने वाले पंकज (35) की नोएडा में कार की टक्कर लगने से मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने नोएडा पुलिस से आरोपी कार चालक का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की। मोहल्ला प्रेमपुरी जैन कॉलेज मार्ग पर रहने वाले पंकज पांचाल शनिवार को अपनी बेटी तनु को नोएडा के सेक्टर 155 में स्टेनो पद के लिए परीक्षा दिलवाने गये थे। बेटी तनु को परीक्षा केंद्र में छोड़ने के बाद वह अपनी स्कूटी को रोकर हेलमेट लगा रहे थे। तभी पीछे से तेज गति के साथ आ रही कार के चालक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे पंकज मार्ग पर गिरकर सर में चोट लगने से घायल हो गये। कुछ देर बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे को अंजाम देकर कार समेत चालक फरार हो गया। हादसा पास ही में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पता लगने पर पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे के बारे में फोन कर बताया। हादसे का पता लगने पर परिजन नोएडा पहुंच गए। कानूनी कार्रवाई के बाद देर शाम पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। मृतक के चाचा महेश पंचाल ने बताया कि उन्होंने नोएडा पुलिस से आरोपी कार चालक का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की है।