अयोध्या के बीकापुर में पूर्व माध्यमिक विद्यालय मऊ के आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को चौरे बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस चौकी का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी हासिल की। महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश पर आयोजित इस शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी देना रहा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मोहम्मद इरशाद ने बच्चों को अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, उपचार की प्रक्रिया और बीमारियों से बचाव के तरीकों के बारे में बताया। उन्होंने मरीजों के साथ मानवीय व्यवहार करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सीख दी। इस दौरान कई विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच भी की गई। इसके बाद छात्र-छात्राएं पुलिस चौकी चौरे बाजार पहुंचे। यहां चौकी प्रभारी बुद्धिमान सिंह ने मिशन शक्ति के तहत महिला एवं बालिका सुरक्षा, शासन की ओर से बनाए गए नियम-कानून और पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। भ्रमण के दौरान बच्चों ने विभिन्न व्यवस्थाओं को करीब से समझा। इस मौके पर प्रधानाध्यापक अशोक सोनी, अनुदेशक दीपक वर्मा, कंचन, अलका, राधिका, अंशिका सहित करीब एक दर्जन छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।