अयोध्या। किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीद के लिए एक नवंबर से क्रय केंद्रों का संचालन शुरू हो चुका है, लेकिन खरीद की रफ्तार बेहद धीमी है। दस दिन बीतने के बाद भी क्रय केंद्र पर महज 170 क्विंटल के करीब धान की खरीद हो सकी है। मंगलवार को क्रय केंद्र की पड़ताल में अव्यवस्थाएं सामने आईं। मौके पर केंद्र प्रभारी गैरहाजिर मिले और पल्लेदारों के भरोसे धान की तौल होती मिली। ऐसे में अपनी उपज बेचने के लिए केंद्र पहुंच रहे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्रय केंद्र पर धान बिक्री करने पहुंचे मोहल्ला मखदूमजादा निवासी किसान अमित मौर्य ने बताया कि वह सुबह करीब सात बजे धान लेकर तौल कराने पहुंचे थे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद शाम करीब चार बजे उनके धान की तौल हो सकी। किसान का कहना था कि सुबह से केंद्र पर मौजूद रहने के बावजूद तौल के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। इससे किसानों का समय बर्बाद हो रहा है। मंगलवार को मौके पर पहुंचने पर क्रय केंद्र प्रभारी अभिषेक तिवारी मौजूद नहीं मिले। केंद्र पर पल्लेदार ही खरीद और तौल की प्रक्रिया संभालते नजर आए। इस संबंध में केंद्र प्रभारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि वह कुछ काम से अमराईगांव आए हुए हैं। अभी तक क्रय केंद्र पर ही थे। शासन की ओर से इस बार सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से समर्थन मूल्य पर खरीद की व्यवस्था की गई है। धान खरीद की प्रक्रिया 28 फरवरी 2027 तक चलेगी। एसडीएम विनोद गुप्ता ने बताया कि क्रय केंद्र प्रभारी की केंद्र पर मौजूदगी जरूरी है। यदि निरीक्षण के दौरान प्रभारी गैरहाजिर मिले हैं तो इसकी जांच कराई जाएगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।