अयोध्या कैंट। सिविल लाइन स्थित पत्रकार चौराहे पर लगा एक बोर्ड इन दिनों राहगीरों के लिए खतरे का सबब बना हुआ है। बोर्ड तेज हवा के झोंकों के साथ लगातार झूल रहा है और किसी भी समय नीचे गिरकर बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद जिम्मेदारों की ओर से अब तक इसे हटाने या सुरक्षित करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। पत्रकार चौराहा शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है और यहां दिनभर वाहनों के साथ बड़ी संख्या में राहगीरों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क के ऊपर असुरक्षित स्थिति में लगा यह बोर्ड कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हवा तेज होते ही बोर्ड बुरी तरह हिलने लगता है, जिससे आसपास से गुजरने वाले लोगों में हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण कराया जाए। जर्जर अथवा ढीले पड़े बोर्ड को हटाकर उसे सुरक्षित तरीके से लगाया जाए, ताकि किसी अनहोनी से पहले समस्या का समाधान हो सके।