अयोध्या में रायबरेली रोड पर शनिवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो ग्रामीणों की मौत हो गई। दोनों दुर्गा पूजा महोत्सव देखने कुरावां जा रहे थे। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पूरा कलंदर थाना क्षेत्र की साखू पारा पुलिस चौकी अंतर्गत रायबरेली रोड पर कुरावां मोड़ के पास शनिवार रात करीब 10 बजे भाभा साखू पारा गांव निवासी राजदेव यादव (55) और रामू रावत (52) बाइक से कुरावां जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही हरियाणा नंबर की तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रविवार को दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। दो ग्रामीणों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में मातम छाया हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है। पूरा कलंदर थानाध्यक्ष अश्वनी पांडेय ने बताया कि हादसे में बाइक सवार दोनों ग्रामीणों की मौत हुई है। कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।