श्रीधाम अयोध्या स्थित बड़ा भक्तमाल मंदिर में आयोजित अष्टयाम सेवा महोत्सव के तीसरे दिन प्रवचन में संतों ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं और रसिक भक्ति परंपरा की महिमा का वर्णन किया। प्रवचन के दौरान महंत मिथिलेशनंदिनी शरण ने कहा कि अष्टयाम सेवा केवल पूजा-अर्चना का विधान नहीं, बल्कि भगवान की नित्य लीलाओं से जुड़ने और उनके प्रति अनन्य प्रेम प्रकट करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि रसिक परंपरा में भगवान की सेवा को आठ प्रहरों में विभाजित कर उनकी अलग-अलग लीलाओं का स्मरण किया जाता है। भक्त का भाव ऐसा होना चाहिए कि उसका मन हर समय भगवान की सेवा और स्मरण में रमा रहे। भगवान के प्रति निष्काम प्रेम और समर्पण ही भक्ति का वास्तविक स्वरूप है। उन्होंने कहा कि भगवान की लीलाओं का श्रवण करने से मन में भक्ति भाव जागृत होता है और जीवन में आध्यात्मिक शांति का अनुभव होता है। इस दौरान संत-महंतों और श्रद्धालुओं ने प्रवचन का श्रवण किया।