अयोध्या में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुदौली में आधुनिक डिजिटल एक्सरे सुविधा नहीं होने से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में उपलब्ध पुरानी एक्सरे मशीन से जांच की गुणवत्ता प्रभावित होने के कारण कई मरीजों को बाहर निजी केंद्रों पर जांच करानी पड़ रही है। अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज हड्डियों की चोट, फ्रैक्चर और सीने से जुड़ी समस्याओं का उपचार कराने पहुंचते हैं। पुरानी मशीन से निकलने वाली एक्सरे फिल्म कई बार स्पष्ट नहीं होती। इससे चिकित्सकों को बीमारी की सही स्थिति समझने में परेशानी होती है। ऐसी स्थिति में मरीजों को दोबारा जांच कराने के लिए निजी केंद्रों का रुख करना पड़ता है। इससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च होते हैं। समाजसेवी संजय अग्रवाल ने कहा कि सीएचसी रुदौली पर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीज भी निर्भर हैं। ऐसे में अस्पताल में डिजिटल एक्सरे मशीन की सुविधा होना जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और शासन से जल्द डिजिटल मशीन उपलब्ध कराने की मांग की है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. रवींद्र शुक्ला ने बताया कि डिजिटल एक्सरे मशीन के लिए विभाग को मांग पत्र भेजा जा चुका है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद अस्पताल में मशीन स्थापित कराई जाएगी।