अयोध्या में बेसहारा गोवंशों को सुरक्षित आश्रय देने के लिए बनाई गई सरकारी गौशालाओं में भी लापरवाही के मामले सामने आने लगे हैं। रुदौली विकासखंड के सरायमुगल गांव स्थित गौशाला में झटका मशीन लगाए जाने का मामला सामने आया है। गोवंशों की सुरक्षा के लिए संचालित गोशाला में बिजली से झटका देने वाली मशीन लगाए जाने को लेकर व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मशीन के संपर्क में आने से गोवंशों के चोटिल होने या करंट की चपेट में आने का खतरा बना हुआ है। गौशाला में झटका मशीन लगाए जाने की जानकारी सामने आने के बाद जिम्मेदारों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।गौशाला का संचालन और देखरेख ग्राम पंचायत स्तर पर होती है। ऐसे में परिसर में इस तरह की मशीन किसके निर्देश पर लगाई गई और इसकी अनुमति किसने दी, यह जांच का विषय है। ग्राम प्रशासक अखंड वीर सिंह ने बताया कि उन्हें गौशाला में झटका मशीन लगाए जाने की जानकारी नहीं है। गौशाला की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत अधिकारी की होती है। वहीं, खंड विकास अधिकारी अखिलेश गुप्ता ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। गौशाला में झटका मशीन नहीं लगाई जा सकती है। जांच में यदि लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सरकारी गौशाला में सामने आए इस मामले ने गोवंशों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।