अयोध्या के रुदौली कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर रविवार सुबह कार और बस की भिड़ंत हो गई। फेलसंडा के पास आगे चल रही बस के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर बस में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्टिगा कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, कानपुर के सचेंडी गांव निवासी पंकज सिंह का परिवार अर्टिगा कार से अयोध्या दर्शन के लिए जा रहा था। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे फेलसंडा के पास आगे चल रही बस के सामने अचानक बाइक आ गई। बाइक सवार को बचाने के लिए बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे चल रही अर्टिगा कार का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार बस में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार में सात से आठ श्रद्धालु सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में घायल लोगों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुदौली पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा।