अयोध्या: अयोध्या के बीकापुर तहसील क्षेत्र में नवरात्रि और दशहरा पर दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार शाम कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, डीजे संचालकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में दुर्गा पूजा पंडालों में मांस-मदिरा और नशीले पदार्थों के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए कोतवाल देवेंद्र पांडेय ने समिति के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई। उन्होंने शपथ दिलाई कि न तो स्वयं मांस-मदिरा और नशीले पदार्थों का सेवन करेंगे और न ही ऐसा करने वाले किसी व्यक्ति को पंडाल परिसर में प्रवेश करने देंगे। उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर शपथ का पालन करने का संकल्प लिया। एसडीएम संतोष कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सभी की सामूहिक भूमिका जरूरी है। प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने पंडालों के आसपास साफ-सफाई रखने और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतिमाएं स्थापित करने को कहा। नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं होगी। शोभायात्रा और विसर्जन के दौरान नशे में शामिल होने तथा तेज आवाज में डीजे बजाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। एसपी ग्रामीण ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। सीओ दिनेश गोदारा ने बताया कि बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में 188 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में समितियों की समस्याएं सुनी गईं, जिनमें विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान पूजा समितियों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सुरक्षा अधिकारी के परिचय पत्र भी वितरित किए गए।