अयोध्या: अयोध्या में बीकापुर के तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर की मौजूदगी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ी। कुल 255 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें 35 का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम ने शेष शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का निर्देश दिया। डीएम ने बनकट बेदी का पुरवा निवासी विनय कुमार के आंधी में मकान गिरने से हुए नुकसान की जांच कर सहायता दिलाने के लिए एसडीएम और बीडीओ को निर्देशित किया। भरहू खाता निवासी रामरूप और रामलहन की ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर तहसीलदार को जांच के आदेश दिए। कटारी गांव में विकास कार्यों में अनियमितता और फर्जी भुगतान की शिकायत पर भी कार्रवाई का आश्वासन दिया। तेंदुआ माफी की संगीता उपाध्याय की पेड़ की लकड़ी नहीं ले जाने देने की शिकायत पर प्रभारी निरीक्षक को जांच के निर्देश दिए गए। लुतफाबाद बछौली में वसीयत के आधार पर नामांतरण में देरी का मामला भी सामने आया। डीएम दोपहर करीब 12:30 बजे पहुंचे और 2:15 बजे तक फरियादियों की शिकायतें सुनीं। समय समाप्त होने के बाद भी लोग कतार में लगे रहे। इस दौरान सीएमओ डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया सहित जिला और तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।