अयोध्या के तारुन में पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय तारुन में शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा और सेवा भाव को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक अभय सिंह ने मां सरस्वती, महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। कक्षा छह की छात्राओं रिमझिम और अंशिका ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। लक्ष्मी, गरिमा और अंशिका ने सरस्वती वंदना की। नौनिहालों की ओर से प्रस्तुत ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन और सामूहिक नृत्य ने कार्यक्रम में रंग भर दिया। विधायक अभय सिंह ने कहा कि पीएम श्री विद्यालय केवल इमारतें नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को आकार देने की प्रयोगशाला हैं। यहां पढ़ने वाला हर बच्चा आने वाले कल का निर्माता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार और सेवा की भावना से जोड़ना जरूरी है। विधायक की ओर से विद्यालय में अध्ययनरत 319 बच्चों को पुरस्कार स्वरूप स्टेशनरी वितरित की गई। कक्षा एक से पांच तक के बच्चों को पेन और कॉपी, जबकि कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों को गणित के ज्योमेट्री बॉक्स दिए गए। कार्यक्रम में शिक्षक नेता राजेश दुबे, प्रधानाध्यापक राजेश कुमार वर्मा, शिक्षक सत्येंद्र पाठक, अनाम सिंह, विभा साव, सीमा रानी, सुरेंद्र वर्मा, सुनील प्रताप, नीरज सिंह, पूर्व प्रधान पिंटू सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन पंकज निषाद ने किया।