अयोध्या में एकलव्य निषाद छात्रावास को खाली कराकर निषाद समाज को सौंपने की मांग को लेकर रविवार को निषाद समाज के मंदिर में बैठक हुई। इसमें छात्रावास से जुड़े मामले पर चर्चा कर आगे की रणनीति पर विचार किया गया। हालांकि अंतिम निर्णय नहीं हो सका। अगली बैठक में आंदोलन और आगे की कार्रवाई तय करने की बात कही गई। निषाद समाज के अध्यक्ष संतोष निषाद ने कहा कि समाज छात्रावास के मामले में एकजुट है और शासन-प्रशासन से वार्ता के साथ विधिक प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। श्यामलाल निषाद ने कहा कि छात्रावास निषाद समाज के नाम पर है, इसलिए उसका अधिकार समाज को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाज राजनीतिक जवाब देगा। बैठक में मनीराम निषाद, हेमंत निषाद, डॉ. नानक सरन, हरिश्चन्द्र निषाद समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।