अयोध्या के बीकापुर तहसील क्षेत्र के नई बस्ती साल्हीपुर गांव में शुक्रवार रात करीब दो बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग ने देखते ही देखते राममिलन के दो आवासीय छप्परों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से छप्पर में खड़ा ई-रिक्शा, बर्तन, अनाज, बिस्तर, चारपाई और अन्य गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के समय राममिलन के परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे। आग की लपटें और धुआं देखकर परिजन किसी तरह बाहर निकले। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। छप्पर के पास पशु भी बंधे हुए थे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पशुओं की रस्सियां काटकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना पर बीकापुर फायर दस्ता भी मौके पर पहुंच गया। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों छप्पर और उनमें रखा अधिकांश सामान जल चुका था। नायब तहसीलदार रामखेलावन ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली है। मौके पर राजस्व लेखपाल को भेजकर आग से हुई क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।