अमेठी में महिला उत्पीड़न के आरोपों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गौरीगंज में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यालय से निकले कार्यकर्ता तांदव बांदा मार्ग पर नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। गेट के सामने पहुंचते ही कार्यकर्ता अचानक कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो झड़प और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंक दिया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता वापस लौट गए। भाजपा जिला महामंत्री विषुव मिश्र और जिला उपाध्यक्ष आशा बाजपेयी के नेतृत्व में कार्यकर्ता हाथों में राहुल गांधी का पुतला लेकर जुलूस की शक्ल में निकले। रास्ते भर कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय के गेट तक पहुंचे। वहां पहले से तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने लगे, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिसकर्मी लगातार कार्यकर्ताओं को रोकने और पुतला दहन रोकने का प्रयास करते रहे। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी जारी रखी और राहुल गांधी का पुतला फूंक दिया। पुतला दहन के बाद कार्यकर्ता वहां से वापस लौट गए। प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के तहत अग्निशमन वाहन भी मौके पर मौजूद रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और मणिपुर के इनर मणिपुर से कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम पर महिला उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा नेताओं का कहना था कि इस मामले में कांग्रेस नेतृत्व को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। इसी मुद्दे को लेकर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राहुल गांधी का पुतला दहन किया।