राष्ट्रीय लोक अदालत में शनिवार को मामलों के निस्तारण के लिए बड़ी संख्या में लोग न्यायालय परिसर पहुंचे। जिला न्यायालय परिसर में अलग-अलग विभागों की ओर से शिविर लगाए गए हैं, जहां लोग अपने विवादों और लंबित मामलों के निस्तारण के लिए पहुंच रहे हैं। सुबह से ही न्यायालय परिसर में लोगों की आवाजाही बनी हुई है। लोक अदालत का शुभारंभ सुबह 10 बजे जिला जज चंद्रोदय कुमार ने किया। इस बार 1.50 लाख मामलों के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है। शिविरों में बैंक ऋण, चेक बाउंस, राजस्व, बिजली-पानी के बिल, उपभोक्ता विवाद, श्रम, पारिवारिक विवाद समेत विभिन्न मामलों से जुड़े लोगों की सुनवाई और सुलह-समझौते की प्रक्रिया चल रही है। राजस्व, कृषि, खाद्य सुरक्षा, स्टांप, शिक्षा, गन्ना, श्रम, समाज कल्याण, आबकारी, वन और दिव्यांगजन सशक्तीकरण समेत अन्य विभागों की ओर से भी शिविर लगाए गए हैं। प्री-लिटिगेशन मामलों को भी आपसी सुलह के आधार पर निस्तारित कराया जा रहा है।