अंबेडकरनगर के टांडा कोतवाली क्षेत्र के सकरावल निवासी 35 वर्षीय पीआरडी जवान वीरेंद्र प्रताप ने पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय खासपुर के कक्षा दो के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होने पर विद्यालय में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि विद्यालय में दो पीआरडी जवानों की ड्यूटी लगती थी। वीरेंद्र प्रताप के साथ ड्यूटी करने वाले दलसिंगार इस समय अवकाश पर थे। इसी दौरान वीरेंद्र ने विद्यालय के कक्षा दो के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। वीरेंद्र प्रताप की पत्नी प्रतिमा देवी इस समय अपने मायके में हैं। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि वीरेंद्र को करीब छह माह से मानदेय नहीं मिला था। हालांकि आत्महत्या के पीछे यही कारण था या कोई अन्य वजह, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।