मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन से पहले मंगलवार शाम शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के साथ आकर्षक सजावट देखने भी पहुंच रहे हैं। शहर के शहजादपुर स्थित नई सड़क पर एलियन थीम पर बना पंडाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां प्रवेश द्वार से लेकर निकासी तक एलियन को अलग-अलग गतिविधियां करते हुए दर्शाया गया है। वहीं, फव्वारा तिराहे पर बुलडोजर थीम पर तैयार पंडाल देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। शहजादपुर चौक, तहसील तिराहा, पटेलनगर और बस स्टैंड समेत अन्य स्थानों पर बने पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। रेलवे ओवरब्रिज से तहसील तिराहा जाने वाले मार्ग और शहजादपुर मार्ग पर बैरियर लगाकर चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह समेत अन्य अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।