आगरा। भावना एस्टेट स्थित श्री भावनेश्वरनाथ मंदिर में बुधवार को तुलसी-सालिगराम विवाह का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान सालिग्राम और माता तुलसी का विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया गया। विवाह के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने तुलसी माता और भगवान सालिगराम की पूजा-अर्चना कर विवाह की रस्मों में भाग लिया। पंडितों ने वैदिक मंत्रों के साथ विवाह की विभिन्न रस्में पूरी कराईं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मंगल गीत और भजन प्रस्तुत किए। विवाह के बाद प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और सभी ने नवविवाहित तुलसी-सालिग्राम से सुख-समृद्धि की कामना की।