आगरा। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आगरा मंडल में स्टेशनों और ट्रेनों में दो दिवसीय विशेष सफाई एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान सफाई व्यवस्था, मशीनी उपकरणों, और कर्मचारियों के सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच करने के साथ-साथ यात्रियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि 2 अक्तूबर तक स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत थीम के तहत यह अभियान संचालित किया जा रहा है। सोमवार को प्रमुख स्टेशनों पर मशीनों व उपकरणों की कार्यशीलता और सफाई कर्मचारियों के लिए व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता की जांच की गई। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने तथा परिसरों को पूरी तरह प्लास्टिक-मुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।