फतेहपुर सीकरी। दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता कस्बे में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष एकत्र हुए और केंद्र सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए थाना फतेहपुर सीकरी पहुंचे और सांकेतिक गिरफ्तारी दी। कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी आनंदवीर सिंह को ज्ञापन सौंपकर चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। पूर्व जिला महासचिव सुरेंद्र चौधरी, जिला उपाध्यक्ष राशिद हसन चिश्ती और विधानसभा अध्यक्ष रईस पाल चाहर ने कहा कि अखिलेश यादव और विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिया जाना लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता इसी तरह विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे। इस दौरान सुरेंद्र चौधरी, राशिद हसन चिश्ती, रईस पाल चाहर, देवेंद्र शर्मा, प्रदीप मुखिया, विनोद सिकरवार, भीम सिंह, आरिफ अल्वी, शाकिर अब्बास, राजवीर सिंह, जीशान खान, राकेश बघेल, सुनील प्रजापति, राहुल चाहर और विवेक शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।