आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के कछपुरा में मामा के घर से आभूषणों का बैग चोरी करने वाले आरोपी अर्जुन उर्फ अज्जू को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से सोने की गले की चेन, अंगूठी, पैंडल, कानों के टॉप्स, चांदी की पायल और 6,730 रुपये बरामद हुए हैं। कछपुरा निवासी वीरेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि शुक्रवार को उनकी मां ने घर में रखे आभूषणों को देखा तो कुछ जेवर गायब थे। परिवार के सदस्यों से पूछताछ करने पर किसी ने भी जेवर लेने से इन्कार किया। इसके बाद अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज की। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर रविवार को रामबाग फ्लाईओवर के नीचे वाटर वर्क्स की ओर जाने वाले सर्विस रोड से अर्जुन उर्फ अज्जू निवासी सोफीपुर, फिरोजाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह काफी समय से मामा के घर रह रहा था। लालच में आकर मौका देखकर उसने गहनों का बैग चुरा लिया था। उसने कुछ जेवर राहगीरों को बेच दिए थे, जबकि बरामद रकम उन्हीं जेवरों को बेचने के बाद बची थी।