आगरा के खेरागढ़ तहसील क्षेत्र में सोमवार रामनवमी को होने वाले मूर्ति विसर्जन को लेकर नदी किनारे गड्ढे खुदवाए गए हैं, जिनमें श्रद्धालुओं द्वारा सुरक्षित विसर्जन किया जाएगा। खेरागढ़ के नदी किनारे करीब डेढ़ दर्जन स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। वहीं सैंया थाना क्षेत्र के राजस्थान सीमा स्थित जाजऊ में पार्वती नदी पर भी विशेष इंतजाम किए हैं। पुलिस सुरक्षा के लिए सभी स्थानों पर पूरे समय रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं श्रद्धालुओं को क्षेत्र में लाउडस्पीकर से मुनादी करा कर नदियों से दूर रहने और नियत स्थानों पर ही विसर्जन करने के लिए जागरूक किया गया है। बता दें कि बीते वर्ष 2 अक्टूबर को खेरागढ़ की उटंगन नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान 13 युवक पानी में डूब गए थे जिनमें से 12 युवकों की पानी में डूबने से दर्दनाक मृत्यु हो गई थी।