फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: पावरलिफ्टिंग की राष्ट्रीय खिलाड़ी से पति ने की क्रूरता

Arun Parashar Updated Mon, 31 Aug 2026 07:38 PM IST

आगरा के राष्ट्रीय स्तर की पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी व सरकारी शिक्षिका खुशबू रानी पर उनके ही पति ने रूह कंपा देने वाली क्रूरता की। आरोप है कि पति ने पहले उन्हें एक होटल में बुलाया, फिर जलती सिगरेट से उनके शरीर को दागा, पेट पर चाकू से वार किया और जब उसने जान बचाने के लिए पैर आगे किया, तो घुटने में चाकू घोंपकर चाकू को अंदर तक घुमा दिया। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शहीद नगर निवासी खुशबू रानी का विवाह वर्ष 2011 में विजेंद्र सिंह के साथ हुआ था और उनके तीन बच्चे हैं। पीड़िता का आरोप है कि पति को नशे की लत है। जबरन उनका डेबिट कार्ड छीनकर पूरा वेतन उड़ा देता था। बच्चों के भविष्य के लिए खरीदा गया मकान तक बेचने और रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर वह पिछले पांच महीनों से बच्चों के साथ मायके में रह रही थीं। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त को पति ने शाम करीब साढ़े तीन बजे उन्हें फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में बुलाया। वहां बैंक खाते से एक लाख रुपये नकदी देने की मांग करने लगा। विरोध पर बेरहमी से पिटाई की। शोर मचाने पर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, ताकि आवाज बाहर न जा सके। इसके बाद आरोपी ने हैवानियत की इंतेहा कर दी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने सिगरेट से दागा, चाकू से पेट पर जानलेवा हमला किया तो उन्होंने अपनी रक्षा के लिए पैर आगे कर दिया। तेजधार चाकू उनके घुटने में जा घुसा। इसके बाद आरोपी ने उस चाकू को घुटने के अंदर ही पकड़कर जोर से घुमा दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गई। इसके बाद 27 अगस्त की रात आरोपी उन्हें मरणासन्न हालत में शहीद नगर चौराहे पर छोड़कर भाग गया। अगले दिन डॉक्टर के पास पहुंचने पर उन्हें ऑपरेशन की सलाह दी गई। खुशबू रानी एक दर्जन से अधिक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी नेशनल पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी हैं। आज से 21 वर्ष पूर्व चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्होंने सिल्वर मेडल जीतकर मान बढ़ाया था और वर्तमान में वह सरकारी विद्यालय में शिक्षिका हैं। इस घटना से पहले पति के पुराने जुल्मों के वीडियो भी सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में वह सोती हुई शिक्षिका को बेरहमी से पीटता दिख रहा है, जबकि पास खड़ी उसकी मासूम बेटी रोते हुए हाथ जोड़कर पिता से मां को छोड़ने की गुहार लगा रही है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें