आगरा के कमला नगर पुलिस और एएनटीएफ मेरठ जोन ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गैंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 11 किलो पांच ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक इसकी अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि वाटरवर्क्स चौराहे के पास घेराबंदी कर पूर्वी चंपारण, बिहार के सुगौली निवासी परवेज आलम उर्फ राजा और जबरेज आलम को पकड़ा गया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बिहार से चरस लाकर आगरा में वितरण करते थे और प्रति किलो दो हजार रुपये लेते थे। कमला नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई और न्यायालय ने दोनों को जेल भेजा है।