फर्जी तरीके से जमीन की खरीद और दाखिल-खारिज के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जिलाधिकारी के आदेश पर हुई जांच के बाद तत्कालीन लेखपाल और कानूनगो सहित तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मामला थाना शाहगंज में दर्ज किया गया है, जिसमें धोखाधड़ी और मिलीभगत के आरोप हैं। एसडीएम सदर की जांच में साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। यह पूरा मामला गांव सरबतपुर, बमराैली कटारा निवासी मल्ला देवी से जुड़ा है। मल्ला देवी ने 22 अक्तूबर 2008 को मंजू देवी से 405 वर्ग मीटर का एक भूखंड खरीदा था। उन्होंने 30 अप्रैल 2009 को न्यायालय नायब तहसीलदार, कुंडौल में वाद दायर कर अपने नाम परिवर्तन भी करा लिया। पीड़िता का आरोप है कि 10 अप्रैल 2015 को इसी भूखंड की रजिस्ट्री शेर सिंह ने मंजू देवी से अपने नाम करा ली। इस रजिस्ट्री में मंजू देवी के पति राजेंद्र सिंह, शेर सिंह के भाई गया प्रसाद और ईश्वरी प्रसाद ने गवाही दी। मल्ला देवी ने इसकी शिकायत पुलिस से की लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।