आगरा। सेवला में अंडे के भुगतान पर हुए विवाद में दो दोस्तों को हॉकी-डंडों से पीटा गया। उन्हें बेहोशी की हालत में इलाज के लिए भेजा गया। मलपुरा के रघुवीर सिंह ने सदर बाजार थाने में सनी फास्ट फूड के संचालक सनी और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ तहरीर दी है। रघुवीर ने बताया कि 17 सितंबर की रात करीब 11 बजे वह मित्र महेश चंद के साथ सेवला सराय में अंडे की ठेल पर रुके थे। भुगतान के दौरान अधिक रुपये मांगने का विरोध करने पर ठेल संचालक सनी ने गालीगलौज कर साथियों को बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर दोनों दोस्तों को हॉकी और डंडों से पीटा, जिससे वे बेहोश हो गए। होश आने पर उनके मोबाइल गायब थे और आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। महेश अभी अस्पताल में भर्ती है। एसीपी सदर अमीषा ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।