आगरा के पिनाहट के थाना मंसूखपुरा क्षेत्र के गांव तोताराम की ठार में गाय बांधने को लेकर हुए विवाद में मारपीट और गाली-गलौज के मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गांव निवासी मूला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक अक्तूबर की शाम ग्राम समाज की जमीन पर रामकेश ने गाय बांध रखी थी। गाय को खूंटे पर ठीक से बांधने के लिए कहने पर रामकेश ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि इसी दौरान वीरेश ने उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट में उसके गले और आंख के ऊपर चोट आई। पीड़ित ने दोनों पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रामकेश और वीरेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसीपी राजीव रंजन का कहना है कि दो लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है।