आगरा में जनकपुरी महोत्सव के दूसरे दिन भावना एस्टेट रोड पर गोधूली बेला में भक्ति और आस्था का अद्भुत दृश्य दिखाई दिया। रथ पर प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूप जनक महल की ओर पधारे तो पूरी जनकपुरी मानो मिथिला में बदल गई। सजे-धजे मार्ग, फूलों की सजावट और जगमगाती रोशनी के बीच राम-सिया के दर्शन के लिए श्रद्धालु दोनों ओर खड़े रहे। हाथ जोड़कर भक्तों ने प्रभु के दर्शन किए और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।