आगरा के अछनेरा में रायभा टोल प्लाजा के पास भैंस से भरे कैंटर के सामने कार लगाकर रोकने की कोशिश की गई। इस दौरान कैंटर में भी टकराने से दो भैंस मर गईं। हादसे के बाद व्यापारी और ग्रामीणों ने कार सवारों पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया। कार और कैंटर थाने पहुंचाया। दोनों पक्ष ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। कागारौल निवासी व्यापारी कामिल ने पुलिस को बताया कि वह 30 से अधिक भैंस लेकर अलीगढ़ मंडी जा रहा था। किरावली निवासी एक युवक ने अपनी कार कैंटर के आगे लगा दी। व्यापारी ने आरोप लगाया कि उक्त युवक खुद को गोरक्षक बताते हैं। वे 20 हजार रुपये और प्रत्येक गाड़ी पर 500 रुपये की जबरदस्ती करते हैं। रकम न देने पर रास्ते में वाहन रोककर परेशान किया जाता है। बताया कि उसने पूर्व में भी ऐसी वसूली की शिकायत डीसीपी वेस्ट से की थी। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को थाना अछनेरा पहुंचाया। दूसरे पक्ष का दावा है कि कैंटर में क्षमता से अधिक पशु भरे थे। पशु क्रूरता की आशंका के चलते वाहन रुकवाया गया था। मौके पर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक भी हुई। कुकथला चौकी प्रभारी और डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभाली। पुलिस ने कैंटर और मृत पशुओं को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। अछनेरा के एसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों तरफ से शिकायतें मिली हैं। पशुओं को कस्बे के जिम्मेदार ग्रामीण के सुपुर्द किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। हाईवे पर गाड़ी रोकना अपराध है। जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।