आगरा के फतेहपुर सीकरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्वास्थ्य केंद्र के 17 स्वास्थ्यकर्मियों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में मदद मिलती है। रक्तदान करने वालों में डॉ. दीप्ति सिकरवार भी शामिल रहीं। उन्होंने लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। केंद्र अधीक्षक डॉ. राजकमल ने मुख्य अतिथि, रक्तदाताओं और चिकित्सा टीम का आभार जताते हुए कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों का यह प्रयास आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।