कमला नेहरू अस्पताल से गायनी ओपीडी आईजीएमसी शिफ्ट किए जाने का लगातार विरोध कर रही जनवादी महिला समिति की प्रदेश इकाई ने सीटीओ चौक पर सांकेतिक प्रदर्शन किया। महिला समिति की सचिव फालमा चौहान ने कहा कि सरकार के इस फैसले से एक राज्य स्तरीय अस्पताल खत्म किया जा रहा है। इससे महिला मरीजों को सुविधा की जगह परेशानी हुई है। आईजीएमसी में महिलाओं की परेशानी कई गुना बढ़ गई है। उन्होंने गायनी विभाग को वापस के एनएच लाने, वहीं पर महिलाओं के लिए रोबोटिक सर्जरी की सुविधा देने, टेस्टों की दरों में की गई वृद्धि को वापस लेने, केएनएच में आईवीएफ जैसी सुविधा देने और कमला नेहरू अस्पताल में तीसरे चरण के भवन का निर्माण जल्द शुरू कर इस अस्पताल को ही महिलाओं के लिए एक आदर्श अस्पताल के रूप में विकसित करने की मांग की। उन्होंने चेताया कि यदि गायनी ओपीडी को वापस नहीं लाया गया तो अगले माह जनवादी महिला समिति उग्र आंदोलन करेगी। महिलाओं के इस स्वास्थ्य संस्थान के साथ की जा रही छेड़खानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूजा कंवर और सोनिया स्बरवाल ने कहा कि महिला समिति का यह आंदोलन गायनी ओपीडी और विभाग के केएनएच वापस लाने तक जारी रहेगा। इस दौरान उत्तराखंड की अंकिता भंडारी को न्याय दिए जाने की मांग भी उठाई।