राजधानी शिमला में बुधवार सुबह मौसम ने अचानक करवट बदली। करीब साढ़े 11 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते बारिश की बौछारें तेज हो गईं, जिससे सड़क पर पैदल चल रहे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश शुरू होते ही लोग खुद को बचाने के लिए दुकानों, भवनों और अन्य सुरक्षित स्थानों की ओर जाते नजर आए। अचानक हुई बारिश के कारण शहर की सामान्य आवाजाही भी प्रभावित हुई। शिमला के रिज मैदान और मालरोड पर बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान बारिश शुरू होने से पर्यटकों को घूमने-फिरने में परेशानी हुई। कई लोग बारिश से बचने के लिए छाता लेकर चलते दिखाई दिए, जबकि कुछ पर्यटकों ने बारिश कम होने का इंतजार किया। पर्यटन सीजन के बीच अचानक हुई तेज बारिश ने रिज और मालरोड का माहौल भी बदल दिया। शिमला में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी शुरू हो गई। बारिश और ओलों के कारण तापमान में गिरावट महसूस हुई और शहर में ठंड बढ़ गई। मौसम के इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि ने शहर में घूमने निकले लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।