राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत मतगणना की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। उदयपुर जिले में मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में सुखाड़िया रंगमंच पर मतगणना में नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर एवं राज्य स्तरीय चुनावी ट्रेनर महामाया चौबीसा ने कर्मचारियों को ईवीएम के जरिए मतगणना की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मतगणना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, चुनावी नियमों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर दीपेंद्र सिंह राठौड़ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
दो केंद्रों पर होगी मतगणना
उदयपुर जिले में 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। इसके लिए जिला मुख्यालय पर दो प्रमुख मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। राजस्थान कृषि महाविद्यालय में झाड़ोल, फलासिया, कुराबड़, वल्लभनगर और गिर्वा पंचायत समितियों की मतगणना होगी। वहीं, पीएम श्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय में शेष 15 पंचायत समितियों के वोटों की गिनती की जाएगी। प्रत्येक पंचायत समिति की मतगणना दो राउंड में पूरी होगी।
पढे़ं: 299 साल की हुई गुलाबी नगरी जयपुर, 300वें वर्ष में प्रवेश पर शहरभर में होंगे भव्य आयोजन
पहले डाक मतपत्र, फिर ईवीएम की गिनती
मतगणना की प्रक्रिया सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती के साथ शुरू होगी। इसके बाद ईवीएम की कंट्रोल यूनिट के माध्यम से मतों की गणना की जाएगी। प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक और दो गणना सहायक नियुक्त रहेंगे।
सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
मतगणना केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का पर्याप्त जाब्ता तैनात रहेगा। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि मतगणना को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। अब 20 नवंबर को होने वाली मतगणना पर प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की निगाहें टिकी हैं। इसी दिन चुनावी नतीजों से जिले की पंचायत समितियों और जिला परिषद की तस्वीर साफ होगी।