फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाड़मेर: जेएनवीयू की बढ़ी परीक्षा फीस के खिलाफ छात्राओं का प्रदर्शन, गर्ल्स कॉलेज का गेट बंद कर की नारेबाजी

Fri, 06 Nov 2026 08:33 PM IST
बाड़मेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बाड़मेर

जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय (JNVU) जोधपुर की ओर से परीक्षा शुल्क में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ धनतेरस के दिन बाड़मेर में छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के बैनर तले एमबीसी कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य गेट को बंद कर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। छात्राओं ने बढ़ी हुई फीस को तत्काल वापस लेने की मांग की। इस संबंध में कॉलेज प्राचार्य डॉ. मुकेश पचौरी के माध्यम से विश्वविद्यालय के कुलगुरु के नाम ज्ञापन सौंपा गया। 1800 से बढ़ाकर करीब 3000 रुपये किया परीक्षा शुल्क कॉलेज छात्रा रंजना ने बताया कि जेएनवीयू ने परीक्षा शुल्क में भारी बढ़ोतरी की है। पहले जहां परीक्षा शुल्क करीब 1800 रुपये था, उसे बढ़ाकर लगभग 3000 रुपये कर दिया गया है। इससे गरीब किसान परिवारों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं के सामने फीस जमा करने की समस्या खड़ी हो गई है।
उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर फीस में इतनी बढ़ोतरी से छात्राओं पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। ऐसे हालात में कई छात्राओं को मजबूरन पढ़ाई छोड़नी पड़ सकती है। अन्य सरकारी विश्वविद्यालयों से तीन गुना तक महंगी फीस छात्रा वसुंधरा दहिया ने बताया कि जेएनवीयू में परीक्षा शुल्क प्रदेश के दूसरे सरकारी विश्वविद्यालयों के मुकाबले करीब तीन गुना तक महंगा हो गया है। फीस बढ़ोतरी के विरोध में छात्राओं ने कॉलेज के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और प्राचार्य के माध्यम से कुलगुरु को ज्ञापन भेजा।
उन्होंने बताया कि कॉलेज प्राचार्य ने छात्राओं को आश्वासन दिया है कि उनकी मांग विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाई जाएगी। जिला संयोजक बोले- छात्रों को एटीएम कार्ड समझ रहा विश्वविद्यालय एबीवीपी के जिला संयोजक दीपू चौहान ने कहा कि जेएनवीयू की ओर से लगातार फीस बढ़ाई जा रही है, जिसका छात्र विरोध कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का रवैया ऐसा है, जैसे विद्यार्थियों को एटीएम कार्ड समझ लिया गया हो और जब चाहे उनसे पैसे वसूल लिए जाएं।
उन्होंने कहा कि थार के इस रेगिस्तानी इलाके में किसान परिवारों के बच्चों का उच्च शिक्षा हासिल करना ही बड़ी बात है। ऐसे में लगातार बढ़ती फीस उनकी पढ़ाई में बाधा बन रही है। उन्होंने कोटा ओपन यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों की संख्या का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले जहां यह आंकड़ा करीब 65 हजार था, वहीं अब बढ़कर एक लाख तक पहुंच गया है। एक सेमेस्टर की फीस 2970 रुपये, तीन साल में 393 प्रतिशत बढ़ोतरी का दावा दीपू चौहान के अनुसार, विश्वविद्यालय ने एक सेमेस्टर का परीक्षा शुल्क बढ़ाकर 2970 रुपये और सालाना शुल्क 5940 रुपये कर दिया है। वहीं, बीकानेर विश्वविद्यालय में एक सेमेस्टर की परीक्षा फीस केवल 700 रुपये है। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में जेएनवीयू की परीक्षा फीस में करीब 393 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। मांगें नहीं मानीं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी एबीवीपी ने विश्वविद्यालय प्रशासन से बढ़ी हुई परीक्षा फीस तत्काल वापस लेने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए उग्र आंदोलन किया जाएगा।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें