मोहाली शहर में हुई बारिश के दो घंटे बाद भी कई इलाकों की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। फेज-5 में हालात सबसे ज्यादा खराब नजर आए। यहां सड़कों पर पानी जमा होने से ऐसा लग रहा था जैसे सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हों। जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई, क्योंकि सड़क पर पानी की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल रहा। स्थानीय लोग सुरेश कुमार, संदीप सिंह ने बताया कि बारिश के दौरान कुछ समय के लिए तेज पानी गिरने के बाद सड़क पर पानी भरना शुरू हो जाता है। बारिश बंद होने के बाद भी काफी देर तक पानी सड़कों पर जमा रहता है। लोगों का कहना है कि बारिश दोपहर 12.30 से 2.30 मिनट तक हुई। इसके दो घंटे बाद भी शहर में बारिश के पानी की निकासी के लिए बनाई गई रोड गलियों और नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से समस्या और गंभीर हो जाती है। फेज-5 की कई सड़कों पर पानी जमा होने के कारण पैदल चलने वालों को भी परेशानी हुई। लोगों को सड़क किनारे से निकलने के बजाय पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। कई जगह वाहन चालक पानी से बचने के लिए सड़क के दूसरे हिस्से में वाहन ले जाते दिखाई दिए, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। जिन स्थानों पर रोड गलियां और सीवर लाइनें जाम हैं, उनकी सफाई करवाई जाए, ताकि बारिश के बाद लंबे समय तक सड़कों पर पानी जमा न रहे। लोगों का कहना है कि हर बार बारिश के बाद जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।