जालंधर जिले के नकोदर बस स्टैंड पर पर्स चोरी के आरोप में एक महिला को पकड़ लिया गया। पर्स में करीब 5 हजार रुपये थे। पर्स चोरी होने के बाद पीड़ित महिलाओं ने संदिग्ध महिला का पीछा किया और कपूरथला काउंटर के पास उसे पकड़ लिया। इस दौरान उसके साथ मौजूद दूसरी महिला मौके से फरार हो गई। मौके पर जुटे लोगों ने पकड़ी गई महिला से पर्स वापस ले लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही पीड़ित महिलाएं वहां से जा चुकी थीं। फिलहाल, मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है। बस स्टैंड पर यात्रियों ने चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता जताते हुए लोगों से अपने सामान के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।