पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह और पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के पांच दिवसीय दौरे के दौरान जालंधर पहुंचने पर जिला कांग्रेस भवन में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर दोनों नेताओं ने पंजाब की कानून-व्यवस्था और बढ़ते गैंगस्टरवाद को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम नागरिकों से लेकर व्यापारियों तक में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। 'पुलिस स्टेट बन चुका है पंजाब', अपराध पर नियंत्रण में सरकार नाकाम: सचिन पायलट परगट सिंह और सचिन पायलट ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पंजाब को पुलिस स्टेट बना दिया है, लेकिन इसके बावजूद गैंगस्टरों और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा। सचिन पायलट ने कहा कि राज्य में दुकानदारों और व्यापारियों को फिरौती के लिए धमकियां मिलने की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फिरौती की मांग पूरी नहीं करने पर लोगों की हत्या तक की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ऐसी घटनाएं सरकार की कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। गैंगस्टरवाद और नशे के खिलाफ लड़ाई में पीड़ित परिवारों के साथ कांग्रेस कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गैंगस्टरवाद और नशे के खिलाफ आवाज उठाते हुए अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के दुख में पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि इंसाफ की लड़ाई में कांग्रेस उन्हें हर संभव सहयोग देगी।