चीन में आयोजित एशिया कप जूनियर हॉकी चैंपियनशिप में भारतीय टीम के गोल्ड मेडल जीतने के बाद जालंधर के मिट्ठापुर स्थित हॉकी ग्राउंड स्टेडियम में पंजाब के खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। गांववासियों, हॉकी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर ओलंपियन एवं जालंधर कैंट विधायक परगट सिंह भी मौजूद रहे। ओलंपियन परगट सिंह ने कहा कि पंजाब की हॉकी में हमेशा से अहम भूमिका रही है और इस चैंपियनशिप में भी पंजाब के चार खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा रहे। उन्होंने खास तौर पर मिट्ठापुर और खुसरोपुर के खिलाड़ियों पर गर्व जताते हुए कहा कि संसारपुर, मिट्ठापुर, खुसरोपुर और कुक्कड़ पिंड की हॉकी बेल्ट लंबे समय से देश को खिलाड़ी देती आ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी इस क्षेत्र से कई नए हॉकी सितारे निकलेंगे।