फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पराली जलाने पर पुलिस का एक्शन तेज: 16 केस दर्ज, खेतों में पहुंच किसानों को जागरूक कर रही पुलिस

पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने और पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने के लिए जालंधर ग्रामीण पुलिस ने जिले भर में विशेष अभियान तेज कर दिया है। पुलिस की ओर से जहां पराली जलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है, वहीं किसानों को इसके नुकसान और पराली के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक 16 केस दर्ज किए जा चुके हैं। इस पूरे अभियान की निगरानी जालंधर ग्रामीण के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क, PPS स्वयं कर रहे हैं। वह गांवों में पहुंचकर किसानों से सीधे बातचीत कर रहे हैं और उन्हें पराली न जलाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जागरूकता अभियान के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जालंधर ग्रामीण पुलिस के सभी सब-डिवीजनों में संबंधित डीएसपी की निगरानी में थाना प्रभारियों द्वारा गांवों में किसानों के साथ बैठकें की जा रही हैं। इन बैठकों में किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। साथ ही सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई गई मशीनों और वैज्ञानिक तरीकों से पराली के प्रबंधन के विकल्प भी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार पराली जलाने से निकलने वाला जहरीला धुआं वायु गुणवत्ता को बुरी तरह प्रभावित करता है। इससे अस्थमा, सांस संबंधी बीमारियों, आंखों में जलन तथा हृदय और फेफड़ों से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा धुएं के कारण सड़कों पर दृश्यता कम होने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। पराली जलाने से मिट्टी के लाभदायक सूक्ष्म जीव नष्ट होते हैं और जमीन की उपजाऊ शक्ति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इससे पर्यावरण के साथ-साथ कृषि को भी नुकसान पहुंचता है। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने कहा कि पराली जलाने की घटनाओं को रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग का साझा कर्तव्य है। इसके लिए किसानों का सहयोग और लोगों में जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली को आग लगाने से बचें और इसके प्रबंधन के लिए सरकारी मशीनों तथा वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जालंधर ग्रामीण पुलिस इस अभियान के तहत लगातार निगरानी रखेगी। लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ पराली जलाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई भी जारी रहेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें