चोहला साहिब के अधीन आते गांव पखोपुर में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे दो युवकों के खून से लथपथ शव बरामद हुए। दोनों युवकों की गोलियां मारकर हत्या की गई थी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार हमलावरों ने दोनों पर करीब 4 से 5 गोलियां दागीं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। मृतकों की पहचान गुरजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला (26) पुत्र कुलवंत सिंह निवासी गांव खारा और पलविंदर सिंह उर्फ पिंदी (23) पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी गांव पखोपुर के रूप में हुई है। दोनों युवक आपस में परिचित बताए जा रहे हैं। परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार दोनों की शादी हो चुकी थी। सड़क किनारे मिले शव जानकारी के अनुसार वारदात मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। हालांकि दोनों युवकों को किस स्थान पर गोली मारी गई और हत्या के बाद उनके शव सड़क किनारे कैसे पहुंचे, इस संबंध में पुलिस अभी जांच कर रही है। बुधवार सुबह लोगों ने पखोपुर गांव के पास सड़क किनारे दोनों युवकों के शव देखे तो इलाके में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सब-डिवीजन श्री गोइंदवाल साहिब के डीएसपी हरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की और आसपास से साक्ष्य जुटाए। हत्या के कारण और आरोपियों की तलाश डीएसपी हरिंदर सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे क्या कारण रहा और वारदात को अंजाम देने वाले कौन लोग थे, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुरानी रंजिश समेत अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल तरनतारन भेज दिया है। वहीं, मृतकों के परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से अन्य साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ वारदात से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी एकत्र की जा रही है। डीएसपी ने कहा कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति वारदात में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोहरे हत्याकांड के बाद गांव पखोपुर और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।