फिरोजपुर जिले की दाना मंडियों में धान की लिफ्टिंग की समस्या के चलते किसान और आढ़ती परेशान हैं। किसानों और आढ़तियों का कहना है कि कई शैलरों को अभी तक धान रखने के लिए अलॉटमेंट नहीं हुई है, जिसके कारण मंडियों से धान का उठान प्रभावित हो रहा है। मंडियों में 17 फीसदी नमी वाला धान खरीदा जा रहा है। वहीं, बारिश के कारण खुले में पड़ा धान भीगने से उसमें नमी की मात्रा बढ़ गई है। इससे किसानों को धान की खरीद और उठान संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कुछ किसानों का कहना है कि निजी व्यापारी मंडियों में अधिक धान खरीद रहे हैं, जबकि सरकारी खरीद में देरी हो रही है। कई किसानों ने बताया कि वे पिछले तीन दिनों से मंडियों में धान लेकर बैठे हैं, लेकिन अभी तक उनकी फसल की खरीद नहीं की गई है। किसानों ने मांग की है कि धान की खरीद में तेजी लाने के साथ-साथ लिफ्टिंग की समस्या का भी जल्द समाधान किया जाए, ताकि उन्हें मंडियों में परेशानी का सामना न करना पड़े।